इटावा थाना क्षेत्र के ग्राम बुलाकीपुर में गुरुवार देर रात शादी समारोह में दुल्हन ने नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इन्कार कर दिया। दुल्हन के फैसले के बाद बरातियों ने हंगामा कर शुरू कर दिया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाकर दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया। बाद में दूल्हे को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा।
जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम ग्यारामपुर से हिमांशु की बरात बसरेहर थाना क्षेत्र के बुलाकीपुर गांव में गुरुवार रात आई थी। बताया गया कि रात करीब दो बजे जयमाल की तैयारी के दौरान दुल्हन को दूल्हे के शराब के नशे में होने की सूचना मिली। इस पर उसने तुरंत शादी से इन्कार कर दिया। परिजनों व रिश्तेदारों ने उसे मनाने का प्रयास किया लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रही। दुल्हन के इन्कार से नाराज बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
झड़प में लड़की पक्ष से बलबीर सिंह तथा लड़के पक्ष से अनुज घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों में समझौता हो गया और किसी भी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई न करने का लिखित पत्र दिया। वहीं, दूल्हे को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा।
