इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर टायर फटने से लोडर पलट गया। इससे लोडर में बैठे बकरी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। बकरी व्यापारी एटा जनपद के नगला अजीत से बकरियां लोडर में लादकर इलाहाबाद जा रहा था। चालक सहित सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
एटा के नरैची थाना क्षेत्र के गांव नगला अजीत निवासी बकरी व्यापारी रिंकू (36) पुत्र राधेश्याम रविवार तड़के अन्य व्यापारियों के साथ बकरियां लादकर लोडर से इलाहाबाद जा रहा था। बकेवर थाना क्षेत्र में इटावा से कानपुर मार्ग पर राधे-राधे पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही लोडर का अगला टायर फट गया। इससे लोडर अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया।
