भरथना। अश्लील वीडियो दिखाकर ऑनलाइन रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रतिबिंब पोर्टल पर निगरानी के दौरान यह ऑनलाइन धोखाधड़ी सामने आई। जांच में एक बैंक खाते के खिलाफ तीन साइबर ठगी की शिकायतें मिलीं, जिनमें कुल 47 हजार रुपये जमा कराए गए थे।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी ने भरथना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच में पता चला कि संदिग्ध मोबाइल नंबर सिहुंआ मामन हिम्मतपुर निवासी रोहित कुमार के नाम पर पंजीकृत था। रोहित कुमार ही इस नंबर का इस्तेमाल कर रहा था। उसके मोबाइल नंबर के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दो शिकायतें भी दर्ज थीं। रोहित कुमार के बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक की उमरसेंडा शाखा में संचालित खाते के खिलाफ तीन यूपीआई धोखाधड़ी की शिकायतें मिलीं। आरोपी लोगों को अश्लील वीडियो देखने के नाम पर डराते-धमकाते थे। इसके बाद वे अलग-अलग माध्यमों से रुपये अपने बैंक खाते में जमा करवाते थे।
जांच में सामने आया कि 2 फरवरी 2026 को एक हजार रुपये जमा हुए थे। 6 फरवरी को 12,500 और चार हजार रुपये जमा कराए गए। इसी दिन छह हजार, 6,500 और 17 हजार रुपये भी खाते में आए। कुल मिलाकर तीन शिकायतों में 47 हजार रुपये जमा होने की पुष्टि हुई। पुलिस पूछताछ में रोहित कुमार ने विशाल राठौर के साथ मिलकर ठगी की बात स्वीकार की। आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
