इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विवि सैफई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने अत्यधिक बड़े एवं भारी स्तनों की समस्या से पीड़ित एक 27 वर्षीय महिला मरीज की ब्रेस्ट रिडक्शन सर्जरी (रिडक्शन मैमोप्लास्टी) सफलता पूर्वक की गई। मरीज लंबे समय से अत्यधिक बड़े स्तनों के कारण गर्दन एवं पीठ में दर्द, कंधों पर दबाव व दैनिक गतिविधियों में असुविधा का सामना कर रही थी। ऑपरेशन के दौरान अतिरिक्त ऊतकों को सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से हटाकर स्तनों के आकार एवं स्वरूप को संतुलित किया गया। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ्य है।
यह जटिल शल्यक्रिया प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल सक्सेना के अगुवाई में डॉ. भूपेश गोगिया एवं डॉ. गौतम मुरुगन और एनेस्थीसिया प्रबंधन डॉ. उर्वशी यादव की टीम ने की। डॉ. अतुल सक्सेना ने बताया कि ब्रेस्ट रिडक्शन सर्जरी केवल सौंदर्य संबंधी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि अत्यधिक बड़े स्तनों के कारण होने वाले गर्दन, कंधे एवं पीठ के दर्द तथा दैनिक गतिविधियों में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। (संवाद)
