इटावा। शहर के आनंदनगर मोहल्ले में घर के बाहर कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में स्कूटी सवार तीन लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि दो लोगों ने कार मालिक पर पथराव किया। इस दौरान कार में बैठी महिलाएं और बच्चे पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

मारपीट और पत्थरबाजी की पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आनंदनगर निवासी सनत तिवारी ने पुलिस को बताया कि दो नवंबर की रात करीब 10:30 बजे वह परिवार के साथ एक कार्यक्रम से लौटे थे।

घर के बाहर कार खड़ी करते समय स्कूटी सवार तीन लोग पहुंचे और कार हटाने को लेकर विवाद करने लगे। कार में महिलाएं और बच्चे बैठे थे। सनत ने नीचे उतरकर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। आरोप है कि अंशू त्रिपाठी और कन्हैया त्रिपाठी ने उन पर पत्थर फेंके। मारपीट में सनत को चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने कन्हैया त्रिपाठी, अंशू त्रिपाठी निवासी आनंदनगर और आयुष यादव निवासी रैन बसेरा, सुंदरपुर के खिलाफ शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।(संवाद)

दो पक्षों में मारपीट-पथराव, वीडियो वायरल

इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अजीत नगर मोहल्ले में मंगलवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। दोनों ओर से लात-घूंसे, थप्पड़ और बेल्ट चलने के साथ ईंट-पत्थर फेंके गए। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।(संवाद)



Source link