कोंच। नगर के गोखले नगर मोहल्ले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, कीमती बर्तन और कपड़े चोरी कर लिए। चोरों ने कमरे में मौरंग के अंदर छिपाकर रखे आभूषणों को भी खोज निकाला। दीपावली मनाने गुजरात से घर पहुंचे परिवार को टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना से मोहल्ले में दहशत है।


गोखले नगर निवासी अजय कुशवाहा उर्फ रवि अपने पिता बाला प्रसाद उर्फ पप्पू, मां मीरा देवी और पत्नी अनुष्का के साथ अहमदाबाद में रहकर पानीपुरी का कारोबार करते हैं। दीपावली मनाने के लिए अजय मंगलवार को अहमदाबाद से ट्रेन से रवाना हुए थे। बुधवार को घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गए। वहां दो कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण, कीमती बर्तन और कपड़े गायब मिले। चोरों ने कमरे में मौरंग के अंदर छिपाकर रखे आभूषण भी चोरी कर लिए थे।

त्योहार मनाने घर पहुंचे परिवार की खुशियां चोरी की घटना से काफूर हो गईं। पीड़ित ने पुलिस को घटना की सूचना देने की तैयारी की। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।



Source link