Minister Sandeep Singh To Marry Childhood Friend Meghna

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह।
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अभी तक जिस रिश्ते को परिवार ने निजी रखा था, अब उससे जुड़ी तस्वीर साफ हो गई है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की होने वाली दुल्हनिया कौन होंगी, यह राज अब सामने आ गया है। अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के तारापुर गांव से जुड़ीं मेघना चौधरी के साथ संदीप सिंह 14 नवंबर को सगाई करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों का रिश्ता स्कूल के दिनों की पहचान से शुरू हुआ था।


सगाई समारोह 14 नवंबर को अलीगढ़ में तालानगरी स्थित संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में आयोजित होगा। इस समारोह में संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई भी होगी। सौरभ का रिश्ता अंतरा त्यागी के साथ तय हुआ है। एक ही दिन और एक ही आयोजन में दोनों भाइयों की सगाई होने से परिवार में दोहरी खुशियों का माहौल है। हालांकि, अभी शादी की तारीख तय नहीं हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह दिल्ली में आयोजित हो सकता है।

मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक स्थित रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है। उनके दादा राधेश्याम चौधरी नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ गांव में बने मकान में रहते हैं। परिवार के अन्य सदस्य लंबे समय से गाजियाबाद में रह रहे हैं। पोती की सगाई की खबर से दोनों बेहद खुश हैं।

मेघना के पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी करते हैं। उनके दो छोटे भाई राकेश और अजय जूतों के कारोबार में हैं। मेघना के एक छोटे भाई करन चौधरी हैं। राधेश्याम चौधरी के अनुसार, परिवार के सदस्य 14 नवंबर को होने वाले समारोह में शामिल होंगे। गांव के कुछ लोग भी उनके साथ कार्यक्रम में पहुंचेंगे। हालांकि, गांव में सगाई या शादी का कोई आयोजन नहीं रखा गया है।



Source link