लखनऊ। धनतेरस, दिवाली, भैया दूज और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा। शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


पुलिस आयुक्त ने प्रतिदिन शाम को पैदल मार्च और वाहन गश्त करने के साथ प्रमुख बाजारों, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रहने व पटाखा दुकानों और भंडारण स्थलों की जांच करने के लिए कहा।

यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, अवैध पार्किंग रोकने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों को व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करने को भी कहा गया। अराजक तत्वों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन की मदद ली जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।



Source link