आगरा। भगवान श्रीकृष्ण पर कथित टिप्पणी करने के आरोप में अधिवक्ता ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ अदालत में आपराधिक मानहानि का वाद दायर किया है। बुधवार को सिविल जज (जू.डि.)-5 कंचन कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।


अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने वाद दायर कर आरोप लगाया कि कथावाचन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने सार्वजनिक रूप से श्रीकृष्ण के बारे में अपमानजनक और पीड़ादायक बातें बोलीं। 3 नवंबर को समाचार चैनलों पर प्रसारित एक खबर के माध्यम से उन्हें कथित टिप्पणी की जानकारी हुई। उनके टिप्पणी करने से भगवान श्रीकृष्ण और उनके वंशजों की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। वादी ने खुद को माता पक्ष से श्रीकृष्ण का वंशज बताते हुए मथुरा गजेटियर और पुरातत्वविद अलेक्जेंडर कनिंघम की रिपोर्ट का भी हवाला दिया है। उनका कहना है कि यदुवंशी और जादौन राजपूतों का संबंध श्रीकृष्ण के वंश से है।



Source link