जसवंतनगर। एलआईसी शाखा जसवंतनगर में कैशियर के रवैये से नाराज अभिकर्ताओं ने सोमवार को विरोध जताते हुए कार्य बहिष्कार किया और धरने पर बैठ गए। अभिकर्ताओं का आरोप है कि कैशियर उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुनते और बातचीत के दौरान उचित व्यवहार नहीं किया जाता है। इस संबंध में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक आगरा को भी शिकायती पत्र भेजा गया है।
कार्यालय पर 50 से ज्यादा अभिकर्ताओं ने धरना देते हुए कहा कि कई बार समस्याओं के समाधान को लेकर शाखा प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन समस्या को काई समाधान नहीं किया गया। इसी कारण वह कार्य बहिष्कार को मजबूर हुए। अभिकर्ताओं ने चीफ शाखा प्रबंधक तारा चंद से मामले की जांच कराकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रह सकता है। इस मामले को लेकर शाखा में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। शाखा प्रबंधन की ओर से अभिकर्ताओं को समझाने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी और प्रदर्शन जारी रखा। कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन करने वालों में अभिकर्ता मनोज कुमार झा, दिलीप कुमार, रामवीर सिंह, मुकेश कुमार, ओम प्रकाश यादव, राकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार यादव, शैलेंद्र कुमार, राजमेश कुमार यादव, राधेश्याम, जितेंद्र कुमार, विनोद बाबू, देवेंद्र कुमार, सुमन, जूली, सहदेव सिंह, सूरज सिंह यादव आदि शामिल रहे।
