इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के कटिया गांव में शनिवार सुबह खेत में खाद डालने जा रहे किसान आजाद सिंह यादव (55) पर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। आजाद सिंह के छोटे भाई ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक के छोटे भाई अनूप ने बताया कि आजाद सिंह यादव सुबह करीब 10 बजे अपने घर से 200 मीटर दूर खेत की ओर जा रहे थे। तभी अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सक सौरभ गुप्ता ने आजाद सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, जो दोपहर करीब तीन बजे पूरा हुआ।
मृतक के छोटे भाई अनूप ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि विद्युत लाइन के तार लंबे समय से जर्जर और झूल रहे थे। कई बार शिकायत के बावजूद तारों को दुरुस्त नहीं किया गया। अनूप ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है। आजाद सिंह खेती कर अपने पांच बच्चों का पालन-पोषण करते थे।
