इटावा। रक्षाबंधन पर्व पर दिल्ली से आने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनें हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर घंटों देरी से इटावा जंक्शन पहुंचीं। कुल सात ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट रहीं। इनमें आम्रपाली एक्सप्रेस सबसे अधिक पांच घंटा 26 मिनट देर से आई।
ऊंचाहार एक्सप्रेस तीन घंटा 43 मिनट और वैशाली एक्सप्रेस तीन घंटा 45 मिनट विलंब से पहुंचीं। पूर्वा एक्सप्रेस एक घंटा 34 मिनट, कैफियत एक्सप्रेस एक घंटा 10 मिनट और मरुधर एक्सप्रेस एक घंटा 17 मिनट देरी से चलीं। गोमती एक्सप्रेस भी एक घंटा 20 मिनट विलंब से इटावा जंक्शन पर आई। ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को लटककर यात्रा न करने की हिदायत दी। जरूरतमंद यात्री ट्रेनों के लेट होने से निजी वाहनों या बसों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
उत्तर-मध्य रेलवे के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर स्टेशनों पर अधिक भीड़ थी। यात्रियों को उतरने में काफी समय लगा, जिससे ट्रेनें लेट होती चली गईं। उमस भरी गर्मी में वृद्ध, महिलाओं और बच्चों को प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करना पड़ा। पीआरओ ने आगामी दिनों में भी भीड़ रहने की संभावना जताई।
