इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में आईटीआई चौराहे के पास स्थित एक नर्सिंग होम में पित्त की पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराई गई महिला की मौत हो गई। परिजनों ने नर्सिंग होम के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र के आर्यनगर निवासी शशि ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी कमला देवी (40) के पित्त की थैली में पथरी थी। इसका ऑपरेशन कराया जाना था। इसके लिए शुक्रवार को उन्हें आईटीआई चौराहे के पास स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि नर्सिंग होम में इलाज शुरू करने के नाम पर परिजनों से 26 हजार रुपये लिए गए। शशि का आरोप है कि इलाज के दौरान कमला देवी की हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने डॉक्टर से उपचार के संबंध में जानकारी ली, लेकिन कुछ समय बाद कमला की मौत हो गई।

आरोप है कि महिला की मौत होने के बाद भी नर्सिंग होम से उसे सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर सैफई पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कमला देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें