बकेवर। हाईवे किनारे निर्माणाधीन मकान से लोहे का सरिया चोरी करने वाले तीन आरोपियों से शनिवार को गौतमपुर नहर पुल के पास पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं,अंधेरे का फायदा उठाकर भागे चाैथे आरोपी को पुलिस ने देर शाम मुठभेड़ में धर दबोचा। इस दाैरान आरोपी के पैर में गोली लगी।

एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि लोहिया नगर निवासी जीतपाल सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 14 अगस्त की रात उनके निर्माणाधीन मकान से करीब सवा कुंतल सरिया चोरी हो गया। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।

शनिवार दोपहर पुलिस गौतमपुर नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार लोगों के ई-रिक्शा में सरिया लादकर आने की सूचना मिली।

ई-रिक्शा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फ्रेंड्स कॉलोनी के आजादनगर में रहने वाले नईमुद्दीन उर्फ नईम के दाहिने पैर और भरथना सुभाष नगर निवासी संदीप उर्फ कल्लू के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को सीएचसी भेजा गया। शहर के आनंद नगर में रहने वाले अशोक कुमार को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि सोनू फरार हो गया।आरोपियों के पास से तीन तमंचे , छह कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 1.25 कुंतल सरिया और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की। संदीप के खिलाफ इटावा, औरैया और आगरा में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

बकेवर पुलिस ने रविवार रात सरिया चोरी के मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लुधियानी से निवाड़ी कला मार्ग पर लालाराम इंटर कॉलेज तिराहे के पास चेकिंग के दौरान डीसीएम को रोकने का प्रयास किया। चालक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर उसने डीसीएम कच्चे रास्ते में उतार दी और झाड़ियों की आड़ से दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी औरैया के सहायल थाना क्षेत्र के पुरवा फकीरे निवासी सोनू है। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, एक फोन और घटना में प्रयुक्त डीसीएम बरामद हुई। 14 अगस्त को निर्माणाधीन मकान से 1.25 कुंतल सरिया चोरी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *