इटावा। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर छोटे बच्चों की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है। दिन में हल्की धूप और सुबह-शाम बढ़ती ठंड के कारण बच्चों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और निमोनिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में इस समय कुल 26 बच्चे भर्ती हैं, जिनमें से लगभग आधे बच्चे सर्दी और निमोनिया से पीड़ित बताए जा रहे हैं।

बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 857 ने मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें 132 मरीज पुराने पर्चे पर दवा लेने पहुंचे। इसमें सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और निमोनिया से पीड़ित 218 बच्चे इलाज कराने जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचे। एक से पांच साल के बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होती, जिससे वे वायरल संक्रमण की चपेट में जल्दी आते हैं।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके यादव ने बताया कि सामान्य सर्दी-जुकाम या वायरल बुखार यदि समय पर नियंत्रित न हो, तो फेफड़ों में संक्रमण फैलने से निमोनिया होने का खतरा बढ़ जाता है। सुबह-शाम की ठंडी हवा, कपड़े पहनाने में लापरवाही से बच्चे अधिक बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को केवल लक्षण दिखने पर अपनी मर्जी से एंटीबायोटिक या कोई भी दवा न दें। डॉक्टर जांच के बाद उम्र और वजन के अनुसार ही बुखार, सर्दी या निमोनिया की दवा दे रहे हैं।

इन बातों का रखें ध्यान——

-सुबह और शाम के समय बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं।

-यदि बच्चे को तेज बुखार हो, सांस तेज चल रही हो तो तुरंत अस्पताल लेकर जाएं।

-बच्चे को गुनगुना पानी, तरल पदार्थ और पौष्टिक आहार दें।

-ठंडी चीजों व खुले में रखे खाने से परहेज करें।

-बीमार बच्चों को भीड़-भाड़ और संक्रमण वाले बच्चों के संपर्क से दूर रखें।

————–

35 मरीजों की जांच में डेंगू के पांच मरीज मिले

इटावा। जिले में डेंगू के लगातार केस बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 232 मरीजों की डेंगू, टाइफाइड,मलेरिया के लक्षण दिखने पर उनके खून की जांच करवाई गई। इस दौरान 35 मरीजों की डेंगू की जांच की गई, इसमें पांच मरीजों में पुष्टि हुई। इसमें तीन मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी में आए थे। वहीं, वार्ड में भर्ती एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई। (संवाद)



Source link

अभी अभी की खबरें