फतेहपुर। जिला उपभोक्ता आयोग ने गोभी की फसल खराब होने के मामले में कीटनाशक विक्रेता पर जुर्माना लगाते हुए दो किसानों को मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने विक्रेता को दो माह के भीतर मुआवजे की राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। आयोग अध्यक्ष रामनरेश मौर्य और सदस्य पद्मिनी आनन्द ने बृहस्पतिवार को यह फैसला सुनाया।

जहानाबाद थाने के कोड़ा कुशल का डेरा (अकबरपुर नसीरपुर) निवासी किसान जय प्रकाश और नरेश कुमार ने वर्ष 2023 में आयोग में परिवाद दाखिल किया था। किसानों का आरोप था कि दुकानदार की सलाह पर अधिक मात्रा में कीटनाशक का इस्तेमाल करने से उनकी गोभी की पूरी फसल बर्बाद हो गई। दोनों किसानों ने करीब 4.15-4.15 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया था।

आरोप के मुताबिक, दोनों किसानों ने 11 सितंबर 2023 को कस्बे के दुर्गापुर मोड़ स्थित मोहित कुमार की कीटनाशक दुकान से गोभी की फसल को गलन से बचाने के लिए तीन दवाएं खरीदी थीं। विक्रेता ने उन्हें अमिस्तार टाप और बैलीडामाईकान की 25-25 एमएल मात्रा एक टंकी पानी में मिलाकर छिड़काव करने की सलाह दी थी।

किसानों ने इसी मात्रा में दवाओं का छिड़काव किया, जिसके बाद पूरी फसल नष्ट हो गई। जबकि कंपनी के निर्देशों के अनुसार दोनों दवाओं का इस्तेमाल 15-15 एमएल ही किया जाना चाहिए था।

आयोग ने परिवाद को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए कीटनाशक विक्रेता को किसान जय प्रकाश को 2,40,000 रुपये और नरेश कुमार को 1,40,000 रुपये का भुगतान दो माह के भीतर करने का आदेश दिया है।



Source link

अभी अभी की खबरें