इटावा। दो दिन से मौसम में आए बदलाव के बाद अचानक संक्रामक रोग के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। शनिवार सुबह से ही बारिश होने लगी। इसके बाद भी बीमार लोग भीगते हुए अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर को दिखाने के बाद पांच मरीजों को भर्ती किया गया। आने वाले मरीजों में सबसे अधिक मरीज तेज बुखार, वायरल, सर्दी व जुकाम से पीड़ित थे।

शनिवार को डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही। इसकी मुख्य वजह सुबह से बारिश होना रहा। बारिश होने के बाद भी महिला व पुरुष व बच्चे बीमार होने के बाद भी इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे। लाइट की आवाजाही होने से मशक्कत के बाद उनका पर्चा बन पाया। इसके बाद उन्हें डॉक्टर के यहां लाइन लगानी पड़ी। इस दौरान तेज बुखार व वायरल से पीड़ित पांच मरीजों को भर्ती किया गया।

फिजीशियन डॉ. सौरभ यादव ने बताया कि बदलते मौसम में संक्रामक बीमारियों में बढ़ोतरी हुई हैं। जुकाम, खांसी के अलावा तेज बुखार, वायरल के अधिक मरीज आ रहे हैं। साधारण बीमारी के मरीजों को दवा दी जा रही है। वहीं, अगर कई दिन से बुखार या संक्रमण है तो जांच करवाने के बाद ही दवा दी जाती है। इससे मरीज को जल्द आराम मिल सके।

इसी तरह बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके यादव के पास बीमार छोटे बच्चों की भीड़ लगी रही। अधिक बच्चे सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित मिले। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें दवा दी। साथ ही छोटे बच्चों के प्रति सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इससे बदलते मौसम में बच्चों को बीमार होने से बचाया जा सके।

——–

तीन मरीजों को निकला डेंगू, एक मरीज को निकला टाइफाइड

इटावा। जिले में डेंगू व टाइफाइड के लगातार केस बढ़ रहे हैं। शनिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में 61 मरीजों में डेंगू, टाइफाइड मलेरिया के लक्षण दिखने पर उनके खून की जांच करवाई गई। इस दौरान 19 मरीजों की डेंगू की जांच की गई, इसमें तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसी तरह 21 मरीजों की टाइफाइड की जांच हुई, इसमें एक मरीज में टाइफाइड पॉजिटिव मिला जबकि 21 मरीजों की मलेरिया की जांच की गई, जिसमें एक भी मरीज पॉजिटिव नहीं मिला। (संवाद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें