इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के गांव हिंगुटिया बम्होरा में संदिग्ध हालात में महंत के घर में विधवा महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो उसकी विवाहित बेटी ने हंगामा करते हुए महंत पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, महंत ने हत्या के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि महिला शौच के लिए जाते समय फिसलकर गिरने से उसकी मौत हुई।

बहेड़ा गांव निवासी श्यामा देवी (55) के पति बीरेंद्र सिंह की करीब तीन साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी श्यामा देवी के कंधों पर आ गई थी। वह मजदूरी कर अपने चार बेटियों और तीन बेटों की परवरिश कर रही थीं। उनका सबसे बड़ा बेटा अरुण हैदराबाद में मजदूरी करता है। बड़ी बेटी उपासना की शादी हो चुकी है। जबकि पांच छोटे बच्चों सत्यवती, अंशुल, कन्हैया, ज्योति और लाडो की देखरेख श्यामा देवी खुद कर रही थीं।

उपासना ने बताया मां की पड़ोसी गांव हिंगुटिया बम्होरा निवासी महंत से करीब सात वर्ष से जान-पहचान थी। रिश्ते में महंत को चाचा कहती थीं। शनिवार रात मां किसी काम से महंत के घर पहुंची थीं। वहां रात में अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। महंत उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा पहुंचा। डॉक्टर ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। सूचना पर बेटी उपासना भी ससुराल से अस्पताल पहुंची। उसने मां की मौत पर सवाल उठाते हुए महंत पर हत्या का आरोप लगाया और पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और महंत से पूछताछ की।

वहीं, महंत ने पुलिस को बताया कि श्यामा देवी शौच के लिए जाते समय फिसलकर गिर गई थीं। गिरने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वह उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें