उदी। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपनी पत्नी को नौकरी दिलाने के बहाने हरियाणा ले जाकर दो लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि उसकी भाभी ने भाई और दो लोगों के साथ मिलकर हरदोई निवासी व्यक्ति को पत्नी को बेचा है। अब पत्नी को वापस दिलाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। रकम नहीं देने पर पत्नी की हत्या करने की धमकी भी दी जा रही है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवक ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ समय पहले उसकी भाभी पत्नी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर हरियाणा के बिलासपुर क्षेत्र स्थित विनोला विकम कॉलोनी ले गई थी। वहां पत्नी ने एक कंपनी में काम करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान उसके भाई, भाभी व दो अन्य युवक ने हरदोई निवासी शोभित को उसकी पत्नी को दो लाख रुपये में बेच दिया।

फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग से उसे इस पूरे मामले की जानकारी हुई। आरोप है कि रिकॉर्डिंग में भाभी महिला के साथ मारपीट न करने की बात कह रही है। साथ ही दो लाख रुपये वापस करने और महिला को लौटाने की बात भी बातचीत में सामने आई। इसके बाद युवक ने भाभी से संपर्क किया तो पत्नी को वापस दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये मांगे गए।

रुपये नहीं देने पर पत्नी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पीड़ित ने 28 सितंबर को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद नौ अक्तूबर को एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।

थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवक की पत्नी पहले घर से चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। बाद में पत्नी ने वापस आने से इन्कार कर दिया था। मामले की जांच की जा रही है।



Source link