बकेवर। लखना सब्जी मंडी में रविवार सुबह सब्जी खरीदने पहुंचे साइकिल सवार सब्जी विक्रेता पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ ने उसे सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद लोगों ने उसे उठाकर घर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

नगला खादर निवासी अमर कुमार साइकिल से गांव-गांव फेरी लगाकर सब्जी बेचता था। इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह साइकिल से लखना सब्जी मंडी थोक में सब्जी खरीदने पहुंचा था। सब्जी खरीदने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। मंडी के आगे सड़क पर पहुंचते ही पीछे से आए सांड़ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। सांड़ ने अमर को सींगों पर उठाकर पटक दिया। अचानक हुए हमले से सड़क पर भगदड़ की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड़ को हटाया और घायल अमर को उठाया। लोग उसे लेकर घर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। अमर की मौत से पत्नी ममता, बेटी वैष्णवी, पिता रूपराम, भाई चंद्रेश, आशीष और बहन लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष विपिन मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि सांड़ के हमले में युवक की मौत हुई है।

घटना के बाद मंडी के व्यापारियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि मंडी और आसपास की सड़कों पर अक्सर गोवंश घूमते रहते हैं। इससे राहगीरों और दुकानदारों को खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अभियान चलाकर आवारा सांड़ों को पकड़वाने और उन्हें गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *