जसवंतनगर। लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, 10 कारतूस, दो चाकू, आठ मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कानपुर नगर, कानपुर देहात, फिरोजाबाद, कन्नौज, हमीरपुर और फतेहपुर समेत कई जिलों में घूमकर वारदात करते थे।


सीओ अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार रात हाईवे संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक कार से आरोपियों के पास से चार तमंचे, 10 कारतूस, दो चाकू और आठ मोबाइल बरामद हुए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक गौतम निवासी जहांगीराबाद थाना घाटमपुर कानपुर नगर, मोहित तिवारी निवासी पहाड़पुर थाना सुरौली कन्नौज, अजय शेखर उर्फ बब्बू निवासी अय्याशी गांव थाना भोगनीपुर कानपुर देहात, शिवम यादव उर्फ रोकेश निवासी रामपुर थाना रूरा कानपुर देहात, पंकज गौतम उर्फ गब्बू निवासी धीरापुरम थाना रूरा कानपुर देहात और धीरेंद्र निवासी आंबेडकर नगर थाना रूरा कानपुर देहात के रूप में हुई है।

गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। दीपक गौतम के खिलाफ फतेहपुर और कानपुर नगर समेत विभिन्न थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट और लूट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। मोहित तिवारी पर तीन और अजय शेखर उर्फ बब्बू पर छह मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *