कोंच। कस्बे के बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह ठगों ने सोने-चांदी के नकली जेवर थमाकर बाहरी युवक से 15 हजार रुपये और मोबाइल फोन ठग लिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मारपुरा गांव निवासी बॉबी ने पुलिस को बताया कि वह 15 सितंबर को कानपुर से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में कोंच बस स्टैंड पर पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान कुछ लोग उसके पास पहुंचे और सोने-चांदी के जेवर दिखाकर उन्हें सस्ते दाम में देने की बात कही। बॉबी के अनुसार, उसने जेवर खरीदने से मना कर दिया, लेकिन आरोप है कि उक्त लोगों ने जबरन कुछ जेवर उसके हाथ में रख दिए।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान जालसाज उसके पास रखे 15 हजार रुपये और मोबाइल फोन लेकर वहां से भाग निकले। बॉबी ने शोर मचाते हुए उनका पीछा करने का प्रयास किया और बस स्टैंड पर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने संदिग्धों के कोंच की कांशीराम कॉलोनी में रहने की बात बताई।

बॉबी ने बताया कि वह अपनी बहन के लिए मौरछठ का सामान खरीदने के लिए 15 हजार रुपये लेकर जा रहा था। बस स्टैंड पर हुई घटना के बाद उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसआई विमलेश कुमार ने बताया कि युवक द्वारा शिकायत की गई है। प्रथम दृष्टया युवक के लालच में आकर खरीदारी करने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *