उरई। जिला अस्पताल में भर्ती मरीज के इलाज के खर्च को लेकर मंगलवार सुबह दो तीमारदार आपस में भिड़ गए। शोर-शराबा सुनकर स्टाफ नर्स ने सिक्योरिटी गार्ड को सूचना दी। बीचबचाव करने पहुंचे गार्ड के साथ भी दोनों ने हाथापाई कर दी। इसके बाद अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी पहुंचे और दोनों को अपने साथ ले गए।

घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। जिला अस्पताल के वार्ड नंबर 17 में एक बुजुर्ग भर्ती हैं। उनके उपचार के दौरान खर्च को लेकर परिवार के दो लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान एक तीमारदार नशे की हालत में बताया गया।

वार्ड में हंगामा होने से भर्ती अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरातफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने तत्काल सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। गार्ड आदेश विश्वकर्मा ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे उनके साथ भी हाथापाई करने लगे। इस पर गार्ड ने अस्पताल परिसर में बनी पुलिस चौकी को सूचना दी।

पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों तीमारदारों को चौकी ले गए। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। घटना के चलते कुछ देर तक वार्ड में अफरातफरी का माहौल रहा।



Source link