छिबरामऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पांच सूत्री मांग पत्र विधायक अर्चना पांडेय को सौंपा। इसमें व्यापारियों के हितों और सुरक्षा से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।

मांगपत्र में व्यापारियों को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग की गई। इसके अलावा दुकान में आग लगने, दुकान नष्ट होने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त कर तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। व्यापार मंडल ने विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक क्षेत्र की तर्ज पर व्यापारियों के प्रतिनिधियों को भी भेजने की व्यवस्था करने तथा व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग रखी।

पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों के हित और राष्ट्रहित में ये मांगें बेहद आवश्यक हैं। व्यापारियों को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिससे वे निर्भीक होकर अपना कारोबार कर सकें। इस दौरान प्रदेश मंत्री अनिल कुमार गुप्त, कानपुर-बुंदेलखंड प्रभारी राजीव दुबे, जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, जिला महामंत्री रामानंद वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मामन गुप्ता, बृजेश गुप्ता व नवनीत वर्मा, नगर अध्यक्ष दिलीप गुप्ता और नगर महामंत्री विनीत वर्मा सिंपल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link