Young man visiting relatives dies under suspicious circumstances

फोटो-46- पवन। फाइल फोटो

अछल्दा। थाना क्षेत्र के गांसीपुर गांव में रिश्तेदारी में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आए एक युवक की संदिग्ध हालात में छत के बरामदे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।


बिधूना कोतवाली क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी पवन कुमार (25) सोमवार शाम को गांव गांसीपुर में रिश्तेदार अमित कुमार दोहरे की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आए थे। रात में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पवन छत पर बने बरामदे में सोने चले गए। मंगलवार सुबह जब परिजन ने उसे देखा तो वह मृत अवस्था में मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद परिजन से घटना के बारे में पूछताछ की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजन के अनुसार पवन चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी तय हो चुकी थी और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत उसका विवाह होना था। बेटे की असमय मौत से मां मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।



Source link