कासगंज। बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा संबंधी त्रुटियों व अधूरी प्रविष्टियों को सुधारने की कवायद तेज कर दी है। मानव संपदा पोर्टल पर ई-सर्विस बुक में संशोधन के लिए 25 नवंबर तक अवसर दिया गया है।
बीएसए विकास कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को समय से अभियान पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के अनुसार, पोर्टल पर पंजीकृत अधिकारियों, शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों में संशोधन बीएसए के लिखित अनुमोदन से ही होंगे।
नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, पैन कार्ड, अवकाश और आधार संबंधी बदलाव इस अभियान के तहत नहीं होंगे। ये पूर्ववत जिला स्तर से ई-मेल अनुरोध पर निदेशालय स्तर से किए जाएंगे। पूर्व में ई-सर्विस बुक की त्रुटियों से डाटा फीडिंग व सत्यापन में लापरवाही सामने आई थी।
ऐसे में डाटा एंट्री, सत्यापन व करेक्शन आईडी चलाने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। 25 नवंबर के बाद त्रुटि पाए जाने पर संबंधित कार्यालय के ऑफिस एडमिन आईडी धारक कार्यालयाध्यक्ष के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने व अधीनस्थ कार्यालयों में अभियान चलाकर तय समय में संशोधन पूरे कराने तथा त्रुटिपूर्ण फीडिंग के जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई कर सूचना कार्यालय को भेजने को कहा है।
