हाथरस। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी ने सक्रियता तेज कर दी है।अवेलियन रिसॉर्ट में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी संस्थापक एवं पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यूजीसी नियमों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा की नीतियों की आलोचना की और उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की हार का दावा किया। यूजीसी के नए नियमों को वापस लिए जाने (रोलबैक) के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों से सवर्ण समाज में नाराजगी है।

उन्होंने राजस्थान में हाल ही में हुए पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए दावा किया कि वहां भाजपा को सवर्णों की एकजुटता के चलते नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी सवर्ण समाज की एकजुटता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए चुनौती बनेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर पंचायत चुनाव टाल रही है। भाजपा के ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस बार जनता जवाब देगी। बैठक में पार्टी की ओर से घोषित 40 प्रत्याशियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में हाथरस जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा उर्फ बैंजो पंडित को सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया गया। बैठक में जिला महामंत्री एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष सौरभ पाराशर और जिला मीडिया प्रभारी उज्ज्वल गौतम मौजूद रहे। पार्टी ने जल्द ही अन्य विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा करने की बात कही।

Also Read : UP Assembly Election 2027 Alliance: यूपी चुनाव से पहले गठबंधन पर सपा नेता यामीन खान का बड़ा दावा, बोले- जल्द होगा ऐलान, अखिलेश ही होंगे सीएम चेहरा



Source link