इटावा। महोत्सव के पंडाल में मंगलवार की देर शाम अवधी लोकगीत एवं भजन गायन कार्यक्रम में भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। आकाशवाणी की बी-हाई ग्रेड लोकगायिका उपमा पांडेय ने अपनी सुरीली आवाज में एक से बढ़कर एक भजन और अवधी लोकगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम न्यायिक एवं महोत्सव के नोडल अधिकारी मनोज प्रकाश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद लोकगायिका उपमा पांडेय ने गजानन महाराज की वंदना आओ आओ हे गणराज, स्वागत की बेला आन पड़ी से गायन की शुरुआत की।

वंदना के बाद उन्होंने सांवली सूरत पे मोहन दिल दीवाना हो गया… भजन प्रस्तुत किया। राधे तेरे चरणों की भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। वहीं, मेरे मन में राम समा जाओ और हरि आजाओ, हरि आजाओ”” जैसे भजनों ने आध्यात्मिक माहौल को और गहरा कर दिया।

इसके बाद लोकगायिका ने अवधी लोकगीत ””सरजू माई तोहरे अचरा मां अमृत धार”” प्रस्तुत कर क्षेत्रीय लोक संस्कृति की मिठास बिखेरी। अवधी भाषा की सहजता और पारंपरिक लोकधुनों ने लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ दिया। भजनों में भक्ति भाव और लोकगीतों में मिट्टी की सुगंध का सुंदर संगम देखने को मिला।

संगीत में ढोलक पर दिलीप, हारमोनियम पर चंद्रेश पांडेय, आर्गन पर अर्पित और साइड रिदम पर श्याम अवस्थी ने संगत की। कार्यक्रम में एसपी सिटी बबिता सिंह, कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, एसडीएम श्वेता मिश्रा, एसडीएम गणेश कन्नौजिया, सीओ सिटी अवनीश सिंह और जिला पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें