बकेवर। लखना कस्बे के सराफा बाजार में सोने की तौल को लेकर हुए विवाद में ग्राहक और उसके भतीजे के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने सराफा कारोबारी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

चकरनगर स्थित जैन मंदिर के पास रहने वाले पराग जैन ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर को वह लखना के पुरावली दरवाजा स्थित सराफा बाजार में धीरज सोनी की दुकान पर सोने की जांच और तौल कराने गए थे। तौल के बाद उन्हें वजन में अंतर होने का शक हुआ। उन्होंने तराजू पर रखे बाट की फोटो खींचकर दुकानदार के व्हाट्सएप पर भेजी। आरोप है कि दुकानदार तीन दिन तक उन्हें टालता रहा।

17 नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपने भतीजे निशेष जैन के साथ दुकान पर सोना वापस मांगने पहुंचे। शाम करीब सवा सात बजे धीरज सोनी, उसके पिता राकेश और सहस्रांशु वर्मा ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर भतीजे को भी पीटा गया। आरोप है कि सहस्रांशु ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस दोनों को सीएचसी महेवा ले गई। वहां से पराग को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। (संवाद)



Source link

अभी अभी की खबरें