इटावा। नेशनल हाईवे किनारे होटल संचालक पर फायरिंग और कार से कुचलने की कोशिश के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, दो कारतूस और एक कार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद बरामदगी की कार्रवाई की।
सराय दयानत निवासी होटल संचालक दुर्गेश कुमार पर 28 अक्तूबर की रात सिविल लाइन क्षेत्र में होटल हैवेन में कार सवार आरोपियों ने फायरिंग की थी। साथ ही उन्हें कार से कुचलने की कोशिश की थी। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया मामले में सिविल लाइन थाने में अंकित यादव उर्फ एलएल समेत कई आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मुख्य आरोपी अंकित यादव ने पहले न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। बृहस्पतिवार को उसकी निशानदेही पर पिस्टल, कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।(संवाद )