Etawah News: इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में घर से लापता हुए 11 वर्षीय बालक को पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर परिजनों से मिला दिया। बालक के मिलने से परिवार में खुशी लौट आई। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला मिन्द, मौजा संतोषपुर निवासी रेखा पत्नी राजीव कुमार ने 21 नवंबर को थाना चौबिया पहुंचकर अपने 11 वर्षीय बेटे के घर से लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों ने रिश्तेदारियों और आसपास के संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से बेटे को खोजने की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना चौबिया पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष ने पुलिस टीमों का गठन कर बालक की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन और सुरागरसी-पतारसी कराई। पुलिस टीमों के लगातार प्रयासों के चलते बालक को 12 घंटे के भीतर सकुशल खोज लिया गया।

पुलिस पूछताछ में बालक ने बताया कि उसकी मां ने उसे कपड़े नहीं दिलाए थे। इसी बात से नाराज होकर वह गुस्से में घर से चला गया था। बालक के मिलने की सूचना पुलिस ने तत्काल परिजनों को दी और उन्हें थाने बुलाया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

लंबे समय से बेटे की तलाश में परेशान परिजनों ने उसे सुरक्षित वापस पाकर राहत की सांस ली। परिवार के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इटावा पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों को तलाशकर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।



Source link