इटावा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में नागरिक 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे अपनी स्व-गणना कर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल या कंप्यूटर से आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज करना होगा। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने पर स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा।

शुक्रवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में सीडीओ एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनगणना के प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई गई। इसमें सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि तथा इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए। सीडीओ ने बताया कि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।

इस दौरान नागरिकों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। जो लोग ऑनलाइन स्व-गणना कर चुके होंगे, उनकी एसई आईडी के माध्यम से विवरण का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में जाति संबंधी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। व्यक्ति अपनी जो जाति बताएगा, वही दर्ज की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। बैठक में एडीएम बिपिन कुमार, जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें