इटावा। सैफई के नगला केशोपुर बैनी गांव में मंगलवार को युवती के फंदा लगाकर आत्महत्या के मामले में छोटे भाई ने दहेज हत्या के मुकदमे में समझौते के लिए 20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
दिव्या के भाई विवेक ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि करीब 10 माह पहले उसकी भाभी अंजली की मौत के बाद परिवार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि मुकदमे में समझौते के लिए मायके पक्ष की ओर से 20 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इसके साथ ही दिव्या को लगातार धमकियां भी मिल रही थीं। इन परिस्थितियों के कारण वह काफी तनाव में थी। मंगलवार को उसके माता-पिता कोर्ट में मुकदमे की तारीख पर गए थे। घर पर दिव्या अकेली थी। शाम को माता-पिता लौटे तो बेटी को कमरे में मृत पाया। विवेक ने आरोप लगाया कि मुकदमे के बाद से दिव्या को आए दिन धमकियां मिल रही थीं और परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। उधर, जेल में बंद उपेंद्र को बहन के अंतिम संस्कार के लिए पैरोल दी गई। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। आरोपों और सुसाइड नोट की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
