फतेहपुर सीकरी। ग्राम मंडी मिर्जा खान निवासी मूढ़ा कारीगर अजय कुमार (40) की कर्नाटक में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। अजय करीब डेढ़ साल पहले गांव के ही ठेकेदार के साथ मूढ़ा बनाने का काम करने कर्नाटक गया था।
मृतक के भाई दीपक सिंह ने बताया कि उसका भाई अजय कुमार को गांव का ही ठेकेदार पदम सिंह करीब डेढ़ साल पहले मूढ़ा बनाने के काम के लिए कर्नाटक लेकर गया था। आरोप है कि इसके बाद ठेकेदार ने अजय को अपने पास रखा। परिजन से फोन पर बातचीत भी नहीं करने देता था। करीब तीन दिन पहले कर्नाटक में रह रहे गांव के ही कुछ लोगों ने परिवार को सूचना दी कि अजय की तबीयत बेहद खराब है। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मंगलवार को उसकी मौत की सूचना मिल गई। दीपक ने आरोप लगाया कि ठेकेदार उसके भाई को प्रताड़ित करता था, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
शव को गांव लाना परिवार के लिए बना चिंता का सबब
मृतक की मां सुनीता देवी ने थाना पुलिस को दी है। परिजन का कहना है कि पुलिस मामले को कर्नाटक का बताकर कार्रवाई से पल्ला झाड़ रही है। वहीं, गांव में ठेकेदार के परिजन से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके घर पर ताला लगा मिला। परिजन के सामने अब सबसे बड़ी चिंता कर्नाटक से शव को फतेहपुर सीकरी स्थित पैतृक गांव लाने की है। परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और शव को गांव लाने में मदद की मांग की है।
