– अगस्त में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही, कई बार चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था

– बीएसए ने सभी संबंधित विद्यालयों के समस्त स्टाफ के वेतन के अग्रिम आदेश रोकने के दिए निर्देश

संवाद न्यूज एजेंसी

इटावा। परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही बरतना 73 विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों पर भारी पड़ सकता है। अगस्त 2026 में ऑनलाइन उपस्थिति का विवरण उपलब्ध न कराने पर बीएसए ने संबंधित विद्यालयों के समस्त स्टाफ के वेतन के अग्रिम आदेश अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं।

बीएसए डॉ. राजेश कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि डीएम के निर्देश के क्रम में विद्यालयों में छात्रों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराए जाने के लिए पूर्व में निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अगस्त माह में कई विद्यालयों ने छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। संबंधित विद्यालयों को 13 अगस्त और 20 अगस्त को चेतावनी भी जारी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

विभागीय सूची में बढ़पुरा, बसरेहर, भरथना, चकरनगर, जसवंतनगर, महेवा, सैफई और इटावा नगर क्षेत्र के कुल 73 विद्यालय शामिल हैं। इनमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जब तक संबंधित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जाती, तब तक वहां कार्यरत समस्त स्टाफ का वेतन अग्रिम आदेशों तक अवरुद्ध रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *