फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंची तीन सदस्यीय कायाकल्प की टीम के सामने व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। फिजीशियन के कमरे में युवती से पर्चा बनवाने में लगा समय पूछा तो उसने एक घंटा बताया। इसके बाद दवाओं की हकीकत पूछने पर युवक ने बताया कि पर्चे पर लिखी कई दवाएं जनऔषधि केंद्र पर भी नहीं मिलती, उन्हें बाहर से ही लेना पड़ता है।

कायाकल्प टीम में शामिल डॉ. फिरोज, डॉ. आरिफ समेत तीन सदस्य लोहिया अस्पताल शनिवार सुबह करीब 10 बजे पहुंचे। कुछ देर सीएमएस कक्ष में रुकने के बाद क्वालिटी मैनेजर रजा के साथ फिजीशियन डॉ. अवनीश अग्निहोत्री के कमरे में पहुंचे। डॉक्टर के पास से कुछ पर्चे लेकर एक युवक से पूछा कि बाहर से दवाएं लिखी जाती हैं, तो उसने बताया कि पर्चे पर जो दवाएं लिखी जातीं, उनमें कुछ पर 100 नंबर यानी जनऔषधि केंद्र पर मिलने की बात कही जाती, मगर उस नाम की दवाएं प्राइवेट निजी दवा स्टोर पर ही मिलती हैं। इसके बाद टीम के सदस्य लैब में पहुंचे। लैब प्रभारी डॉ. जय सिंह की मौजूदगी में सभी एलटी से कई सवाल किए। इसका मात्र दो एलटी ही जवाब दे सके। अन्य चार ने गलत उत्तर दिया।

इसके बाद में टीम के सदस्य एक्सरे, ब्लड बैंक, सीटी समेत अन्य विभागों की व्यवस्थाएं देखने भी गई। वार्डों में ड्यूटी कर्मियों से भी सवाल किए। कई सवालों पर कर्मचारी शांत हुए। सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि टीम ने निरीक्षण पूरा कर लिया है।

कानपुर की वित्त लेखा टीम ने किया ऑडिट

फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में कानपुर के वित्त लेखा विभाग से दो सदस्यीय टीम यहां पहुंची। अस्पताल के सीएमएस दफ्तर में उन्होंने लैब, दवा स्टोर, ब्लड बैंक, सीटी स्केन, डेड स्टॉक समेत सभी विभागों की पत्रावलियां मंगवाकर बारीकी से जांच की। देर शाम तक ऑडिट का काम चलता रहा। (संवाद)



Source link

अभी अभी की खबरें