फर्रुखाबाद। अस्पताल में ऑटोमेटिक ताला और सीसीटीवी कैमरे लगाने के बकाया 80 हजार रुपये मांगना कारोबारी को भारी पड़ गया। रुपये मांगने पर अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की। जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने सुनवाई न होने पर विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।

थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के जल्लापुर जैतपुर निवासी शिवमंगल ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरके अस्पताल आवास विकास के डॉ. जेएम वर्मा ने उनसे 30,200 रुपये का ऑटोमेटिक ताला लगवाया था। इसके बाद डॉ. जेएम वर्मा और उनके बेटे डॉ. अंकित वर्मा ने 1.76 लाख रुपये के सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए। एक लाख रुपये भुगतान करने के बाद 80 हजार रुपये बकाया रह गए।

23 नवंबर को बकाया रकम मांगने अस्पताल पहुंचे तो डॉ. अंकित वर्मा ने धक्का दिया और संदीप तिवारी ने पकड़कर मारपीट की। अन्य लोगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें अस्पताल से सड़क तक घसीटा। जान से मारने और दोबारा रुपये मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

कादरीगेट थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत में अर्जी देकर डॉ. जेएम वर्मा, डॉ. अंकित वर्मा, आशुतोष गंगवार, प्रदुम्मन अग्निहोत्री, संदीप तिवारी और एक अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



Source link