फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर सफर किसी खतरे से कम नहीं है। यहां तेज रफ्तार वाहनों से ज्यादा सड़क किनारे खड़े वाहनों से खतरा है। हाईवे के किनारे कहीं पुलिस के जब्त और दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़े हैं तो कहीं कार शोरूम और कार बाजार संचालकों ने सड़क को निजी पार्किंग बना रखा है। महीनों से खड़ी धूल फांकती कारों से लेकर आधी सड़क घेरकर खड़े ट्रक, बस और ट्रैक्टर हादसों को दावत दे रहे हैं। इसके बावजूद न अतिक्रमण हटाने की पहल हो रही है और न जिम्मेदारों पर कार्रवाई। हैरानी की बात यह है कि जिन विभागों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उनकी ही लापरवाही राहगीरों की जान पर भारी पड़ रही है।
हादसों का आंकड़ा इनकी लापरवाही की गंभीरता बयां कर रहा है। इस साल के 10 महीनों में जिले में 383 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 222 लोगों की मौत हो गई। अकेले इटावा-बरेली हाईवे पर 90 दुर्घटनाओं में 60 लोगों को जान गई है। यानी जिले में सड़क हादसों में होने वाली मौतों का बड़ा हिस्सा इसी हाईवे से जुड़ा है। अब नवंबर का अंतिम सप्ताह चल रहा है और कोहरे का मौसम दस्तक दे चुका है। ऐसे में सड़क पर खड़े वाहन हादसों का खतरा और बढ़ा सकते हैं। जिले के 12 ब्लैक स्पॉट में नौ इटावा-बरेली हाईवे पर ही हैं।
मंगलवार को कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूल बस में पीछे से ट्रक की टक्कर से चार छात्रों की मौत और 30 से अधिक के घायल होने की घटना भी चेतावनी है। इसके बावजूद जिले में हाईवे पर अवैध पार्किंग और जब्त वाहनों को हटाने की सुध किसी को नहीं है। संवाद न्यूज एजेंसी ने बुधवार को हाईवे की पड़ताल की तो छह स्थानों पर अव्यवस्था और जिम्मेदारों की उदासीनता सामने आई।
कहीं पुलिस तो कहीं कारोबारियों का कब्जा
सीन-1
दोपहर 2:05 बजे- एआरटीओ कार्यालय के पास
फोटो-30 कार एजेंसी के शोरूम के बाहर पड़ी भवन निर्माण सामग्री व खड़े वाहन। संवाद
एआरटीओ कार्यालय से कुछ दूरी पर कार एजेंसी के शोरूम के बाहर भवन निर्माण सामग्री पड़ी थी। मरम्मत के लिए आने वाले वाहन भी हाईवे पर खड़े रहते हैं। इससे सड़क का काफी हिस्सा घिरा रहता है। दिन में किसी तरह वाहन निकल जाते हैं, लेकिन रात और कोहरे में यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सीन-2
दोपहर 2:22 बजे – सेंट्रल जेल पुलिस चौकी के बाहर
फोटो-31 सेंट्रल जेल पुलिस चौकी के बाहर खड़ा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक। संवाद
पुलिस चौकी के बाहर ही जब्त ट्रक, ट्रैक्टर और बस खड़े मिले। इन्हें ले जाने वाले कैरियर वाहन भी हाईवे पर खड़े थे। आधी सड़क तक वाहनों का कब्जा था। कानून का पालन कराने वाली पुलिस की चौकी के बाहर ही यातायात व्यवस्था खतरे में है। लंबे समय से खड़े इन वाहनों को हटवाने की पहल नहीं हुई।
सीन-3
दोपहर 2:26 बजे – कार बाजार
फोटो-32 कार बाजार के बाहर सड़क पर खड़ी कारें। संवाद
हाईवे पर बरेली की ओर जाने वाली साइड में कार बाजार के वाहन सड़क पर खड़े थे। यहां आने वाले ग्राहक भी अपने वाहन हाईवे पर ही खड़े कर देते हैं। दिनभर व्यस्त रहने वाले इस मार्ग पर पुलिस की आवाजाही भी होती है, लेकिन सड़क को पार्किंग बनाने वालों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
सीन-4
दोपहर 2:30 बजे -नेकपुर पुल की ओर
फोटो-33 हाईवे किनारे कवर से ढकी खड़ी कारें। संवाद
नेकपुर पुल की ओर जाने पर कुछ दूरी पर दो कारें कवर से ढकी खड़ी मिलीं। कारों पर जमी धूल से इनके लंबे समय से खड़े होने का अंदेशा है। हाईवे पर इस तरह वाहन छोड़ दिए जाने से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
सीन-5
दोपहर 2:45 बजे- मसेनी चौराहा ब्लैक स्पॉट
फोटो-34 मसेनी स्थित ब्लैक स्पॉट पर लगे बोर्ड के पास खड़ी कारें। संवाद
मसेनी चौराहा दुर्घटना बहुल क्षेत्र यानी ब्लैक स्पॉट है। यहां दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र का बोर्ड लगा है, लेकिन उसके पास ही हाईवे पर कई कारें खड़ी थीं। इन पर मिट्टी की मोटी परत जमी थी। सड़क के दूसरी ओर भी धूल से ढकी कार खड़ी थी। कुछ दूरी पर डीसीएम में कबाड़ भरा जा रहा था। ब्लैक स्पॉट पर भी जिम्मेदारों की अनदेखी साफ नजर आई।
सीन-6
दोपहर 2:55 बजे- मोहम्मदाबाद कस्बा
फोटो-35 मोहम्मदाबाद में हाईवे किनारे खड़ी निजी बसें। संवाद
मोहम्मदाबाद कस्बे में हाईवे किनारे निजी बसें खड़ी रहती हैं। कुछ दूरी पर वाहनों की धुलाई होती है। धुलाई का पानी सड़क पर फैलता रहता है। इससे सड़क पर फिसलन का खतरा भी बना रहता है। कस्बा पुलिस और संबंधित विभाग इस अव्यवस्था को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम उठाते नहीं दिख रहे हैं।
लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत : सीओ यातायात
क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा ने बताया कि जल्द ही एआरटीओ, एनएचआई के अधिकारियों के साथ मिलकर रामगंगा पुल से काली नदी पुल तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। किसी भी वाहन को गलत तरीके से हाईवे पर उसके किनारे खड़ा नहीं करने दिए जाएगा। साथ ही लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है।वह भी यातायात नियमों को पालन करे, वाहन गलत तरीके से पार्क न करें। इससे भी दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी।

फोटो-30 कार एजेंसी के शोरूम के बाहर पड़ी भवन निर्माण सामग्री व खड़े वाहन। संवाद

फोटो-30 कार एजेंसी के शोरूम के बाहर पड़ी भवन निर्माण सामग्री व खड़े वाहन। संवाद

फोटो-30 कार एजेंसी के शोरूम के बाहर पड़ी भवन निर्माण सामग्री व खड़े वाहन। संवाद

फोटो-30 कार एजेंसी के शोरूम के बाहर पड़ी भवन निर्माण सामग्री व खड़े वाहन। संवाद

फोटो-30 कार एजेंसी के शोरूम के बाहर पड़ी भवन निर्माण सामग्री व खड़े वाहन। संवाद
