कासगंज। जिले में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए वोटरों को जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान यानी एसएसआर के तहत बड़ी संख्या में युवा वोटर बनने के लिए फाॅर्म-6 भरकर आवेदन कर रहे हैं। आठ दिन में अब तक 14353 आवेदन मिले हैं। सबसे ज्यादा 5064 आवेदन अमांपुर विधानसभा में हुए हैं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 17 से 24 नवंबर के बीच जिले में कुल 14535 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। खास बात यह है कि केवल 21 और 22 नवंबर के दो विशेष अभियान दिवसों में ही 3 हजार से अधिक आवेदन आ गए। अब तक सदर विधानसभा में 4630, अमांपुर विधानसभा में 5064 और पटियाली विधानसभा 4659 आवेदन मिल चुके हैं।
एडीएम आलोक गुप्ता ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में आवेदन की स्थिति बेहतर चल रही है। पहले से आवेदन की संख्या में इजाफा हुआ है। इससे जिले की बेहतर रैंकिंग रहने की उम्मीद है।
युवाओं पर है मुख्य फोकस
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची में नए वोटरों को जोड़ा जा रहा है। निर्वाचन आयोग उन युवाओं पर फोकस कर रहा है जिनकी उम्र वोट डालने के लायक हो गई है और अब तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। इसके लिए जिले में 1190 बूथों पर एसएसआर के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब 28 और 29 नवंबर को दोबारा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
अब तक के आवेदनों की स्थिति
सदर विधानसभा अमांपुर विधानसभा पटियाली विधानसभा
24 नवंबर 835 621 932
23 नवंबर 354 506 562
22 नवंबर 1252 1387 1256
21 नवंबर 1088 1072 1021
20 नवंबर 536 483 371
19 नवंबर 227 477 259
18 नवंबर 229 369 183
17 नवंबर 109 149 75
कुल 4630 5064 4659
