Fatehpur Farmers Protest: यूपी ​फतेहपुर जनपद के किसानों की विभिन्न बुनियादी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सोमवार को दोपहर ढाई बजे नहर कॉलोनी परिसर में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसके पश्चात किसानों के हितों से जुड़ा छह सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी को प्रेषित किया गया।इसके बाद एआर सहकारी समिति के साथ बैठक कर समस्या बताई।इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।

​जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल की अगुवाई में संपन्न हुई इस बैठक में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी पीड़ा साझा की।वक्ताओं ने कहा कि बुवाई और कटाई के महत्वपूर्ण समय में संसाधनों की कमी से अन्नदाता परेशान है।बैठक में खाद की किल्लत,धान खरीद में अव्यवस्था,सिंचाई के लिए पानी का अभाव और लचर बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

​जिलाधिकारी को भेजे गए मांगपत्र में प्रमुख रूप से यह मांग की गई है कि जनपद की सभी सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए,ताकि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े।इसके साथ ही,धान खरीद केंद्रों पर पारदर्शी और सुचारु खरीद के साथ-साथ उचित तौल व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है,जिससे किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल सके।

​सिंचाई की समस्या पर चिंता जताते हुए यूनियन ने नहरों और माइनरों में तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की, ताकि टेल (अंतिम छोर) तक के खेतों की सिंचाई बाधित न हो। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त अन्य स्थानीय कृषि समस्याओं के निस्तारण की भी मांग रखी गई।

​भारतीय किसान यूनियन ने जिला प्रशासन से इन सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है, जिससे किसानों को राहत मिल सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link