फोटो-8 बिजली विभाग के वर्कशाप में रखे खराब ट्रांसफार्मर। संवाद

– वर्कशाप में मरम्मत से अधिक ट्रांसफार्मरों की मांग

– ज्यादातर सरकारी नलकूप भी खराब, किसान जाए कहां

संवाद न्यूज एजेंसी

फर्रुखाबाद। इन दिनों किसानों को फसलों की सिंचाई व पलेवा के लिए पानी की जरूरत है। विद्युत निगम के वर्कशॉप में मरम्मत से अधिक ट्रांसफार्मरों की मांग और स्टोर में 15 दिन से स्टॉक खत्म होने से नलकूप ठप हैं। राजकीय नलकूप भी दगा दे रहे हैं। इससे परेशान किसान स्टोर व वर्कशाॅप के चक्कर लगा रहे हैं।

राजकीय नलकूपों की बदहाली के चलते किसानों का भरोसा उठ रहा है। इससे किसान जोड़-जुगाड़ कर अपना नलकूप लगवा रहे हैं। जिले में 15 हजार से अधिक निजी नलकूप हैं। इन दिनों खेतों में आलू की फसलें खड़ी हैं। इनमें सिंचाई की जरूरत है। वहीं, धान की फसल वाले खेत खाली होने से किसान गेहूं बोआई की तैयारी में हैं। खेत में नमी कम होने से किसानों को पलेवा करना पड़ रहा है।

आलू व सरसों की फसल में सिंचाई और पलेवा के लिए किसानों को पानी की जरूरत है। अब निजी नलकूपों के ट्रांसफार्मर खराब होने से उन्हें दूसरा ट्रांसफार्मर मिलने में 15 दिन से लेकर एक माह तक लग रहा है। इससे सिंचाई में देरी होने से फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। इन दिनों विद्युत निगम के हालात पर नजर डालें तो वर्कशॉप में प्रतिदिन चार से पांच ट्रांसफार्मरों की मरम्मत हो पा रही है। जबकि मांग बढ़ती जा रही है।

हाल यह हैं कि वर्कशॉप में 65 ट्रांसफार्मरों की पेंडिंग चल रही है। लगातार खराब ट्रांसफार्मर आ रहे हैं। इससे किसानों को वर्कशॉप के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, नलकूप लगवाने के लिए बिजली कनेक्शन के नाम पर विभाग में किसान ट्रांसफार्मर व सामग्री के लिए लाखों रुपये जमा कर चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें स्टोर से ट्रांसफार्मर नहीं मिल पा रहा है।

स्टोर में दिवाली से पहले 25 केवीए के ट्रांसफार्मर खत्म हो चुके हैं। स्टोर में निजी नलकूप की 36 फाइलें ट्रांसफार्मर के लिए पेंडिंग हैं। किसान स्टोर के चक्कर लगाने के बाद मायूस होकर लौट रहे हैं। बस एक ही आश्वासन मिलता है कि ट्रांसफार्मर आने पर दिया जाएगा। वर्कशॉप व स्टोर में 100 से अधिक ट्रांसफार्मरों की पेंडिंग से किसान परेशान हैं।

तीन दिन की बरसात के बाद खराब ट्रांसफार्मरों की बढ़ी संख्या

वर्कशॉप के सहायक अभियंता प्रगति अजय ने बताया कि 26, 27 व 28 सितंबर को मूसलाधार बारिश के बाद किसानों को एक माह तक पानी की जरूरत नहीं पड़ी। अक्तूबर में जब किसानों ने नलकूप चालू किए तो ट्रांसफार्मर खराब निकले। अक्तूबर में करीब 230 ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिली। वर्कशाॅप में प्रतिदिन चार से पांच ट्रांसफार्मरों की मरम्मत हो पाती है। कन्नौज वर्कशॉप से भी प्रतिदिन तीन-चार ट्रांसफार्मर मंगाए जा रहे हैं। अभी 65 ट्रांसफार्मर पेंडिंग में है। निजी नलकूपों से दूर तक पानी ले जाने के लिए 200 से 300 मीटर पाइप डाला जा रहा है। इससे मोटर के साथ ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ता है। फिलहाल एक सप्ताह में पेंडिंग समाप्त होने का अनुमान है। वहीं स्टोर के सहायक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि निजी नलकूपों के लिए ट्रांसफार्मर की डिमांड भेजी गई है। जल्द ही ट्रांसफार्मर आने वाले हैं। इसी के साथ वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

दिवाली से पहले फुंक ट्रांसफार्मर अभी तक नहीं मिला

कमालगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव कंधरापुर के प्रवीण कटियार के नलकूप के लिए लगा 25केवी का ट्रांसफार्मर छह नवंबर को फुंक गया था। 20 नवंबर को वर्कशाप में ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए पत्र भेजा। प्रवीण कटियार का कहना है कि यदि उन्हें जल्द ट्रांसफार्मर न मिला तो उनकी व उनके नलकूप से सिंचाई करने वाले अन्य किसानों की फसलें चौपट हो जाएंगी। अधिशासी अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि उपकेंद्र के जेई का काम प्रार्थनापत्र को वर्कशाप भेजना है। किसान को ट्रांसफार्मर वहीं से मिलेगा। इन दिनों थोड़ी दिक्कत है। इससे बदलने में समय लग रहा है।



Source link