फतेहपुर। उप्र माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पूर्व मध्यमा से उत्तर मध्यमा तक की परीक्षाएं नौ से 19 फरवरी तक दो पालियों में कराई जाएंगी। जिले में परीक्षा के लिए तीन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 507 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए ग्राम्य दर्शन इंटर कॉलेज कल्यानपुर कचरौली, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमरावां और राजकीय हाईस्कूल लालपुर दरौटा खजुहा बिंदकी को केंद्र बनाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक होगी।
इसमें पूर्व मध्यमा द्वितीय और उत्तर मध्यमा प्रथम के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। दूसरी पाली दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इसमें उत्तर मध्यमा द्वितीय के परीक्षार्थी शामिल होंगे।