फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के चखेड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति पर अलग-अलग नाम और जन्मतिथि के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी और दूसरा पासपोर्ट बनवाने में सहयोग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मलवां थाने के दरोगा हजारी लाल ने तहरीर में बताया कि चखेड़ी गांव निवासी बफाती पुत्र बन्ने ने वर्ष 2013 में पहला पासपोर्ट बनवाया था। इसमें उसने निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र लगाया था। पासपोर्ट में नाम बफाती, पिता का नाम बन्ने और जन्मतिथि सात अगस्त 1985 दर्ज थी। इस पासपोर्ट के आधार पर वह वर्ष 2013 से 2016 तक सऊदी अरब में रहा।

आरोप है कि वर्ष 2017 में उसने दूसरा पासपोर्ट बनवाया। इसके लिए पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। इसमें नाम मोहम्मद बफाती, पिता का नाम मोहम्मद बन्ने और जन्मतिथि सात सितंबर 1985 दर्ज कराई गई। दूसरे पासपोर्ट के आधार पर वह 11 जून 2026 तक सऊदी अरब में रहा।

आरोप है कि बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जिगनी गांव निवासी अमानत उल्ला खां ने दूसरा पासपोर्ट बनवाने में सहयोग किया था। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।



Source link