उरई। मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के 35 छात्रों से प्रैक्टिकल पास करने के नाम पर 35 हजार रुपये मांगे जाने के मामले ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। दोपहर को शिकायत लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारी प्राचार्य के पास पहुंचे। आरोप है कि करीब 150 से अधिक डॉक्टरों और कर्मचारियों ने एबीवीपी पदाधिकारियों को बंधक बनाकर पीटा। बचाने पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इसमें कोतवाली प्रभारी के हाथ में चोट आई, जबकि एक दरोगा भी धक्का लगने से गिर पड़ा। देर शाम दोनों ओर से तहरीर दी गई है। वहीं, मेडिकल कॉलेज परिसर छावनी में तब्दील हो गया।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग फाइनल सेमेस्टर के 35 छात्र प्रैक्टिकल में फेल हो गए थे। छात्र मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय भी शिकायत लेकर पहुंचे थे कि उनसे प्रति छात्र 35 हजार रुपये मांगे जा हैं, पर डीएम से मुलाकात नहीं हुई। इसके बाद छात्रों ने एबीवीपी के पदाधिकारियों से गुहार लगाई। बुधवार दोपहर करीब एक बजे इसी मामले को लेकर एबीवीपी के प्रांत राज्य बुंदेलखंड संयोजक चित्रांशु सिंह और विभाग संगठन मंत्री सोमू सविता करीब 20 कार्यकर्ताओं के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी से मुलाकात की। प्राचार्य ने मामला अपने स्तर का न होने की बात कही तो कहासुनी शुरू हो गई।
थोड़ी देर में प्राचार्य कार्यालय के बाहर जूनियर, सीनियर और कर्मचारी पहुंच गए। एबीवीपी के पदाधिकारियों का आरोप है कि इन सब ने उन्हें बंधक बना लिया और जमकर पीटा। इसी बीच कार्यकर्ता की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पदाधिकारियों को निकालने का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान कोतवाली प्रभारी के हाथ में चोट आई और एक दरोगा जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह चित्रांशु सिंह और सोमू सविता को बाहर निकाला।
हंगामे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और सीओ राजीव कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई।
कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
छात्रों की शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। डॉक्टरों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। प्राचार्य को निलंबित करने और मारपीट करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। कार्रवाई नहीं हुई तो बृहस्पतिवार को उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
– चित्रांशु सिंह, प्रांत राज्य बुंदेलखंड संयोजक, एबीवीपी
वर्जन
दोनों ओर से दी गई तहरीर
प्राचार्य से बातचीत के दौरान छात्रों और छात्र नेताओं ने बहस की। इसके बाद कुछ एमबीबीएस छात्र और डॉक्टर आक्रोशित हो गए। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और अभद्रता हुई। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मेडिकल में शांति है।
– सुरेश चंद्र रावत, एसपी
छात्रों ने बाहरी लोगों के साथ की तोड़फोड़
बीएससी नर्सिंग की परीक्षा और परिणाम अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ जारी करता है। इसमें मेडिकल कॉलेज की कोई भूमिका नहीं है। छात्रों का प्रतिवेदन मंगलवार को ही विश्वविद्यालय भेज दिया गया था। इसके बावजूद छात्रों ने बाहरी लोगों के साथ प्राचार्य कार्यालय में हंगामा और तोड़फोड़ की।
– डॉ. अरविंद त्रिवेदी, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
छात्र जो रुपये लेने की बात कह रहे हैं वह पूरी तरह से निराधार है। किसी तरह की ऐसी बात नहीं की गई है।
– डॉ अरविंद शर्मा प्रधानाचार्य नर्सिंग कॉलेज

