फतेहपुर। ऐरायां विकासखंड के धनकामई गांव स्थित नवनिर्मित लाईट हाउस आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार को बाल संवेदी कॉर्नर और संवेदी पार्क का शुभारंभ हुआ। इसका उद्देश्य दो वर्ष तक के बच्चों को खेल व गतिविधियों से सीखने के अवसर देना और उनका समग्र विकास करना है। बाल विकास परियोजना अधिकारी आशीष पांडेय और माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदेव ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। यह पहल वर्ष 2022 से संचालित जीवन के प्रथम 1000 दिवस कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत जिला प्रशासन, वैन लियर फाउंडेशन और विक्रमशिला एजुकेशन रिसोर्स सोसायटी के सहयोग से विकसित की गई है। कार्यक्रम में अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों के बेहतर विकास के लिए पोषण, स्वास्थ्य, प्यार, संवाद और खेल जरूरी हैं। माता-पिता का बच्चों के साथ समय बिताना उनकी भाषा, शारीरिक और भावनात्मक क्षमताओं को मजबूत करता है। इस मौके पर वैन लियर फाउंडेशन, विक्रमशिला और ग्राम प्रधान सहित कई लोग मौजूद रहे।

