= तिहरे हत्याकांड में अब तक 87.20 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई

= गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने की कार्रवाई

संवाद न्यूज एजेंसी

फतेहपुर। चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर सुरेश सिंह उर्फ मुन्नू की पत्नी ममता सिंह के नाम दर्ज 35 लाख रुपये कीमत की अचल संपत्ति सोमवार को कुर्क कर ली गई। इससे पहले 52 लाख 20 हजार 309 रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। इस तरह अब तक कुल 87 लाख 20 हजार 309 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।

डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर हथगाम और थरियांव थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव निवासी सुरेश सिंह उर्फ मुन्नू ने गैंग के सदस्य पीयूष सिंह, भूपेंद्र सिंह, सज्जन सिंह, ज्ञान सिंह उर्फ विपुल और विवेक कुमार उर्फ पाठक के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों से संपत्ति अर्जित की थी।

आरोप है कि गैंग के सदस्यों ने मारपीट, गाली-गलौज, जानलेवा हमला और हत्या जैसी वारदातों के जरिये लोगों में भय और आतंक फैलाकर अवैध कमाई की। इसी धन से सुरेश सिंह ने पत्नी ममता सिंह के नाम पर संपत्तियां खरीदी थीं। डीएम ने 31 अक्तूबर को संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। कार्रवाई के दौरान खागा एसडीएम अश्वनी पांडेय और सीओ सिटी गौरव शर्मा मौजूद रहे।

इनसेट

वर्चस्व की रंजिश में हुई थी तीन लोगों की हत्या

आठ अप्रैल 2025 को वर्चस्व की रंजिश में अखरी गांव में भाकियू टिकैत गुट के किसान नेता विनोद सिंह (45), उनके भाई अनूप सिंह (40) और अनूप के बेटे अभय प्रताप सिंह (21) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने पूर्व प्रधान सुरेश सिंह उर्फ मुन्नू, उसके बेटे पीयूष सिंह, भूपेंद्र, सज्जन, विवेक और ज्ञान सिंह उर्फ विपुल के खिलाफ हत्या, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। सभी आरोपी कौशांबी जेल में निरुद्ध हैं।



Source link