{“_id”:”6aef78974fb231328a0c2624″,”slug”:”this-diwali-homes-will-be-illuminated-by-candles-made-by-self-help-groups-boosting-the-income-of-women-fatehpur-news-c-217-1-bnd1018-165953-2026-11-08″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Fatehpur News: इस दिवाली समूहों की मोमबत्तियों से रोशन होंगे घर, महिलाओं की बढ़ेगी आमदनी”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

फोटो-33-फतेहपुर:- विकास भवन में स्टॉल लगाकर मोमबत्ती बेचती समूह की महिलाएं। संवाद
फतेहपुर। इस दिवाली जिले के 13 ब्लॉकों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने हुनर से घरों को रोशन करने की तैयारी में जुटी हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाएं मोमबत्तियां तैयार कर बाजार में बिक्री के लिए पहुंचा रही हैं। इससे त्योहार पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ महिलाओं को रोजगार और अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलेगा।
जिले के सभी 13 ब्लॉकों में एक-एक स्वयं सहायता समूह को मोमबत्ती निर्माण और बिक्री से जोड़ा गया है। समूहों की महिलाएं अलग-अलग आकार और डिजाइन की मोमबत्तियां बना रही हैं। दिवाली पर इनकी बढ़ती मांग को देखते हुए बाजार में बिक्री की तैयारी की जा रही है। इस पहल से महिलाओं को घरेलू कामकाज के साथ स्वरोजगार अपनाने का अवसर मिल रहा है।
मिशन प्रबंधक शिवशांत मिश्रा ने बताया कि समूहों के उत्पादों की बिक्री से महिलाओं को उनके हुनर का उचित मूल्य मिलेगा। त्योहार पर मोमबत्तियों की मांग बढ़ने से उनकी आमदनी में भी इजाफा होने की उम्मीद है।
उपायुक्त स्वत: रोजगार अरुण कुमार ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय उत्पादों के निर्माण और विपणन से जोड़कर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इस पहल से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

फोटो-33-फतेहपुर:- विकास भवन में स्टॉल लगाकर मोमबत्ती बेचती समूह की महिलाएं। संवाद

