खागा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर कटोघन ओवरब्रिज के पास बुधवार दोपहर ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में पति और बेटी घायल हो गए। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ई-रिक्शा को पकड़ लिया है।
थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव निवासी वीरेंद्र पासवान कोल्ड स्टोर में मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को वह पत्नी श्रीमती देवी (42) और बेटी वंदना को बाइक से लेकर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव रिश्तेदारी में गए थे।
दोपहर करीब दो बजे लौटते समय कटोघन ओवरब्रिज की सर्विस लेन से हाईवे पर चढ़ते ही ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। श्रीमती देवी के सिर में गंभीर चोट आई थी।
वीरेंद्र का आरोप है कि घायल पत्नी को अस्पताल पहुंचाने के लिए उन्होंने कई बार एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन समय पर सुविधा नहीं मिली। बाद में सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि ई-रिक्शा पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, भाइयों समेत तीन घायल
फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका मोड़ के पास बुधवार दोपहर ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए। मदरियापुर गांव निवासी जनार्दन का पुत्र अखिलेश (12) बड़े भाई जयसिंह और गांव के नोखेलाल के साथ ई-रिक्शा से घर जा रहा था। मलाका मोड़ के पास ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और तीनों घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

