खखरेरू (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र की बसवा ग्राम सभा के जंगल और खेतों के किनारे शनिवार को गोवंश के कटे अवशेष मिले। घटनास्थल पर खून से सनी रस्सी, निशान और चाकू मिलने से ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताई है। करीब 50 मीटर दूर गोवंश का सिर भी मिला। हिंदू संगठनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल हिंदुस्तान के महासचिव शिवम द्विवेदी ने भी कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अवशेष और संदिग्ध वस्तुओं को कब्जे में लिया।
रोहिल्लापुर के प्रधान प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन पहले ग्रामीणों ने महुआ की बाग में दो बैल बांधे जाने की सूचना दी थी। हालांकि गांव में लाइन टैपिंग के दौरान लाइनमैन की मौत हो जाने के कारण वह ध्यान नहीं दे सके।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले अवशेष और संदिग्ध वस्तुओं को कब्जे में लिया गया है। पशु चिकित्सक को परीक्षण और पोस्टमार्टम के लिए सूचित किया गया है।
