कानपुर। एडीसीपी अर्चना के मुताबिक, रिजवान ने पूछताछ में बताया कि वह दो साल पहले मुंबई गया था। वहां खयामुद्दीन की कार चलाता था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो उसके पास खुद की रेंज रोवर कार, वर्ना, थार जैसी गाड़ियां मिलीं। रिजवान अपनी फॉर्च्यूनर कार से मेफेड्रोन की तस्करी करता था। आरोपी ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क यूपी के अलावा, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र में फैला हुआ है। मेफेड्रोन बनाने के लिए गुजरात, दिल्ली और कानपुर से कच्चा माल खरीदकर फैक्टरी पहुंचाया जाता था। आरोपी के दो मोबाइल चेक किए गए जिसमें एक में चाचा बाराबंकी नाम से नंबर सेव था जिसमें माल भेजे जाने का जिक्र था। वहीं, एक अन्य नंबर में ड्रग्स बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाले केमिकल के इनवॉयस पड़े मिले।


मेफेड्रोन गिरोह में सिर्फ रिजवान ही नहीं बल्कि बाबूपुरवा और मछरिया के रहने वाले अरबाज कट्टा, दानिश, शैलू उर्फ शालू बाबा, हसीन बाबू समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। आरोपी मिलकर कच्चा माल फैक्टरी पहुंचाते थे। रिजवान के मुताबिक खयामुद्दीन से सबसे पहले शालू बाबा मिला था। उसके बाद हसीन से संपर्क कराया और हसीन ने रिजवान से मिलवाया था। बीते माह मुंबई पुलिस की कार्रवाई में हसीन को ड्रग्स के मामले में जेल भेजा जा चुका है जबकि शालू बाबा फरार है। बीते माह फजलगंज पुलिस ने जिस नजमुद्दीन को 101 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स के साथ जेल भेजा था वह भी इसी गिरोह का सदस्य है।

एडीसीपी के मुताबिक मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ सख्ती बढ़ने पर खयामुद्दीन कई बार शहर में आकर अंडरग्राउंड हुआ। वह न केवल रिजवान के घर पर रुका बल्कि कई होटलों में भी शरण ली। 24 जुलाई 2026 को भी खयामुद्दीन कानपुर से ही फ्लाइट से परिवार संग मुंबई गया था।



Source link